November 7, 2026

रायपुर। उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारियों और सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाए जाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच भाजपा नेता एवं सांसद वीडी शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। रायपुर पहुंचे वीडी शर्मा ने कहा कि प्रशासन सिंहस्थ को देखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है और उनके अनुसार मस्जिद से जुड़े लोगों ने भी विकास कार्य के लिए इसे स्वेच्छा से हटाने की बात कही है।

उन्होंने उज्जैन की घटना को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी से प्रेरित लोगों पर ‘न्यूसेंस’ फैलाने का आरोप लगाया। हालांकि, उज्जैन में कार्रवाई के दौरान तनाव और पथराव की घटना सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया था।

मस्जिद हटाने को लेकर क्या बोले वीडी शर्मा?

वीडी शर्मा ने कहा कि जब किसी मस्जिद, मंदिर या निजी संपत्ति के कारण विकास कार्य प्रभावित होते हैं, तो समाज के लोग विकास के लिए सहयोग करते हैं। उन्होंने दावा किया कि मस्जिद से जुड़े लोगों ने भी विकास कार्य के लिए इसे हटाने पर सहमति जताई है।

पथराव की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल ‘न्यूसेंस’ पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी को प्रेरणा मानने वाले लोग इस तरह का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

वीडी शर्मा ने कहा कि प्रशासन अपना काम कर रहा है और सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य किए जा रहे हैं।

सड़क चौड़ीकरण के दौरान हुआ था तनाव

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान सोमवार को तनाव और पथराव की घटना सामने आई थी। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया था।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद 15 लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है।

सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी बोले भाजपा सांसद

रायपुर दौरे के दौरान वीडी शर्मा ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा की शुरुआत गुजरात के वडनगर से हुई और यह 10 राज्यों से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंची है। इसका समापन वाराणसी में होने की बात उन्होंने कही।

वीडी शर्मा के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से देशसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों से संपर्क कर सेवा और जनसंपर्क गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं।

चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन पर निशाना

AICC की ओर से चुनाव आयोग के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर भी वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर ‘छल-कपट की राजनीति’ करने का आरोप लगाया।

वीडी शर्मा ने दावा किया कि जिन राज्यों में कांग्रेस को चुनावी हार का सामना करना पड़ता है, वहां पार्टी चुनाव आयोग को इसके लिए जिम्मेदार ठहराती है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि पार्टी सफलता नहीं मिलने पर झूठ का सहारा लेती है।

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को लेकर भी किया दावा

वीडी शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गवर्नेंस आगे बढ़ने का दावा करते हुए छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य नक्सलवाद और आतंकवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है और इसे प्रधानमंत्री मोदी की इच्छाशक्ति से जोड़कर देखा जाना चाहिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *