धमतरी। अछोटा पुल पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए महानदी में करीब 20 से 25 फीट नीचे जा गिरी। हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सड़क पर अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश के दौरान ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल हो गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरा।
रेलिंग तोड़कर महानदी में गिरा ट्रैक्टर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर तेज रफ्तार में पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने आए बाइक सवार को बचाने की कोशिश की गई। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुल की रेलिंग टूट गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली नीचे जा गिरी। हादसे के बाद ट्रैक्टर के कई हिस्से अलग हो गए, जबकि ट्रॉली भी अलग जा गिरी।
ड्राइवर और हेल्पर ने कूदकर बचाई जान
हादसे के दौरान ड्राइवर और हेल्पर ने सूझबूझ और फुर्ती दिखाते हुए ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली। दोनों को हादसे में हल्की चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
ट्रैक्टर के पुल से नीचे गिरने की खबर मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हादसे का मंजर देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रैक्टर के क्षतिग्रस्त हिस्से और अलग पड़ी ट्रॉली को देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश
हादसे की सूचना प्रशासन तक पहुंचने के बाद जिला कलेक्टर ने भी मामले का संज्ञान लिया है। कलेक्टर के मुताबिक, पूरी घटना की जांच कराई जाएगी।
जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी से जुड़े पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।