रायपुर। छत्तीसगढ़ की कैटरिंग इंडस्ट्री को अधिक संगठित, पारदर्शी और प्रोफेशनल बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ कैटरर्स एसोसिएशन (CCA) ने नई पहल की है। रायपुर में आयोजित ‘मिलाप 2026 – द ग्रैंड कैटरर्स मीट’ में कैटरर्स और ग्राहकों, दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई कार्य-मानकों पर सहमति बनी। इन नियमों का उद्देश्य बुकिंग के समय ही सेवा, खर्च और जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना है, ताकि शादी, रिसेप्शन और अन्य आयोजनों के दौरान विवाद की स्थिति न बने।

‘टुगेदर वी एग्री’ पहल के तहत तय हुए नियम
टाटीबंध स्थित द चौहान एम्पीरियन, रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से 200 से अधिक कैटरर्स शामिल हुए। CCA ने ‘टुगेदर वी एग्री’ पहल के तहत ऐसे व्यावहारिक मानक साझा किए, जिनसे ग्राहक और कैटरर के बीच पहले से स्पष्टता बनी रहे।
एसोसिएशन के मुताबिक, बुकिंग के दौरान ही मेन्यू, सेवा का समय और आयोजन से जुड़े अतिरिक्त खर्चों की जिम्मेदारी स्पष्ट कर दी जाएगी। इससे आयोजन के दौरान गलतफहमी और विवाद की आशंका कम होगी।
रात 12 बजे के बाद केवल मेन कोर्स की सेवा
CCA की ओर से साझा किए गए प्रमुख मानकों के अनुसार, रात 12 बजे तक निर्धारित पूरा मेन्यू उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद केवल मेन कोर्स की सेवा जारी रहेगी। देर रात तक सभी लाइव काउंटर और पूरे मेन्यू को चालू रखना सामान्य सेवा का हिस्सा नहीं माना जाएगा।
इसके अलावा, वेन्यू या भवन से जुड़े जनरेटर और सफाई शुल्क कैटरर के खाते में नहीं जोड़े जाएंगे। इन खर्चों की जिम्मेदारी और व्यवस्था ग्राहक या आयोजन पक्ष के साथ पहले ही स्पष्ट की जाएगी।
इवेंट, टेंट और अन्य वर्किंग स्टाफ के भोजन की व्यवस्था भी कैटरर की सामान्य जिम्मेदारी में शामिल नहीं होगी। इसकी व्यवस्था ग्राहक पक्ष को करनी होगी। CCA का कहना है कि इन सभी शर्तों की जानकारी आयोजन से पहले देना जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह का भ्रम न रहे।
चौहान ग्रुप ने एक साल तक जनरेटर और सफाई शुल्क नहीं लेने की घोषणा की
कार्यक्रम में द चौहान एम्पीरियन के संचालक अजय चौहान भी शामिल हुए। उन्होंने कैटरिंग व्यवसाय को व्यवस्थित करने की CCA की पहल की सराहना की।
अजय चौहान ने घोषणा की कि चौहान ग्रुप के छत्तीसगढ़ क्षेत्र में संचालित सभी वेन्यू पर आगामी एक वर्ष तक कैटरर्स से सफाई शुल्क और जनरेटर शुल्क नहीं लिया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद कैटरर्स ने इस घोषणा का स्वागत किया।
इसे कैटरिंग व्यवसाय और वेन्यू संचालकों के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
CCA के छह वरिष्ठ संरक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम में एसोसिएशन के छह वरिष्ठ संरक्षकों का सम्मान और परिचय कराया गया। इनमें शामिल हैं:
- डोल प्रसाद, रायपुर
- मनोज शर्मा, खरसिया
- दिलीप सांखला, खैरागढ़
- प्रेम जैन, दुर्ग
- हरुभाई हरगोविंद, बिलासपुर
- बाबूलाल पालीवाल, रायपुर
संस्था का नेतृत्व अध्यक्ष राजेश नथवानी (बंटी भाई), भिलाई कर रहे हैं। वहीं विजय स्वामी और लोकेश अग्रवाल रायपुर से उपाध्यक्ष, दीपेश जैन भिलाई से सचिव और राजेंद्र सिंह रायपुर से कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
GST, बिजनेस और लीडरशिप पर भी चर्चा
कार्यक्रम के दौरान सीए महावीर जैन ने GST से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और कैटरर्स की जिज्ञासाओं का समाधान किया। वहीं लेखक और कॉर्पोरेट ट्रेनर गोल्डी अंबवानी ने बिजनेस, लीडरशिप और सकारात्मक सोच पर सत्र लिया।
नेटवर्किंग, मनोरंजन, लकी ड्रॉ और भोजन के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश की कैटरिंग बिरादरी को एक मंच पर आने का अवसर मिला।
ग्राहक और कैटरर के बीच स्पष्टता पर जोर
CCA पदाधिकारियों के अनुसार, नए मानकों का उद्देश्य ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ डालना नहीं, बल्कि ‘पहले स्पष्टता, फिर बेहतर सेवा’ की कार्यसंस्कृति विकसित करना है। इससे ग्राहक और कैटरर दोनों आयोजन से पहले अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकेंगे और कार्यक्रम अधिक व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगा।
एसोसिएशन ने ‘टुगेदर वी सर्व, टुगेदर वी ग्रो’ के संकल्प के साथ कैटरिंग इंडस्ट्री को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और पेशेवर बनाने की दिशा में काम करने की बात कही है।