November 6, 2026

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में एक आवारा सांड के हमले से दहशत फैल गई। सांड ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 15 लोगों पर हमला किया, जिसमें पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की मदद से सांड को बेहोश कर काबू में लिया।

बच्चे को गोद में लिए बुजुर्ग पर किया हमला

सांड के हमले का एक CCTV वीडियो सामने आया है। इसमें सांड बच्चे को गोद में लिए एक बुजुर्ग पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है। जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

वहीं, पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल भी सांड के हमले में घायल हुई हैं। उन्हें उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार हमलों की खबर से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

ट्रैंक्विलाइजर डार्ट से सांड को किया बेहोश

लगातार हमलों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सांड को पकड़ने का अभियान शुरू किया। टीम ने ट्रैंक्विलाइजर डार्ट का इस्तेमाल कर सांड को बेहोश किया और फिर सुरक्षित तरीके से उसे काबू में ले लिया।

घटना के बाद कुछ गौ सेवकों ने सांड के रेबीज से संक्रमित होने की आशंका जताई है। हालांकि, रेबीज संक्रमण की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसकी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

विकास उपाध्याय ने आवारा पशुओं की समस्या पर उठाए सवाल

घटना को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने चिंता जताई है। उन्होंने राजधानी में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सरकार और नगर प्रशासन पर सवाल उठाए।

विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से आवारा पशुओं को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी अभियान चलाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

आवारा पशुओं पर नियंत्रण की मांग

डीडी नगर में हुई इस घटना के बाद आवारा पशुओं की निगरानी और उन्हें सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *