भोपाल/मुंबई: मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित ‘इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ में सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी से चर्चा की। बैठक में पीथमपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड परियोजना, भूमि आवंटन, बुनियादी सुविधाओं, आवश्यक अनुमतियों और सौर ऊर्जा परियोजना के लिए भूमि की पहचान सहित कई मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

कंपनी पीथमपुर में लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने की योजना बना रही है। प्रस्तावित परियोजना से 1,750 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
पीथमपुर में दिसंबर 2026 तक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
बैठक में पीथमपुर के सेक्टर-7 में प्रस्तावित परियोजना के लिए भूमि आवंटन और स्थानीय स्तर पर आ रही बाधाओं को दूर करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबंधित प्रक्रियाओं को आसान बनाने और दिसंबर 2026 तक जल, बिजली और सड़क जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
परियोजना के प्लॉट हस्तांतरण और पुनःपंजीकरण शुल्क में छूट, कंपनी के नाम को एसपीएलएल से एसपीआईएल करने के लिए सीसीआईपी में आवश्यक संशोधन तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुगम बनाने पर भी विचार किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं और अनुमतियां तय समयसीमा में उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सौर ऊर्जा परियोजना के लिए जमीन तलाशेगी सरकार
सन फार्मा की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बैठक में बड़े सौर ऊर्जा प्रकल्प की स्थापना पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान और आवंटन में सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही सौर ऊर्जा परियोजना के लिए जरूरी प्रोत्साहन, आधारभूत संरचना और अनुमतियां उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श हुआ।
₹3,000 करोड़ के निवेश से बनेगी दवा निर्माण इकाई
सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड की प्रस्तावित ग्रीनफील्ड परियोजना में भारत, अमेरिका, यूरोप और अन्य प्रमुख बाजारों के लिए दवा फॉर्मुलेशन के विनिर्माण की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना से रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। प्रस्ताव के अनुसार, इसमें करीब 1,250 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हो सकते हैं।
सन फार्मा एक भारतीय बहुराष्ट्रीय दवा कंपनी है, जिसका कारोबार 54,543 करोड़ रुपये बताया गया है। कंपनी 100 से अधिक देशों में दवा फॉर्मुलेशन और सक्रिय औषधीय सामग्री (API) का विनिर्माण करती है। इसके छह महाद्वीपों में 40 से अधिक विनिर्माण संयंत्र हैं।
कंपनी ने वर्ष 1984 में मध्य प्रदेश के देवास में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया था। राज्य में स्थित इसके फॉर्मुलेशन और API संयंत्रों में लगभग 3,958 कर्मचारी कार्यरत बताए गए हैं।
रतलाम फार्मा पार्क में भी निवेश की रुचि
बैठक के दौरान दिलीप सांघवी ने रतलाम में प्रस्तावित फार्मा पार्क में भी कंपनी की रुचि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि रतलाम में फार्मा पार्क स्थापित होता है, तो सन फार्मा समूह वहां निवेश की संभावनाओं पर विचार करना चाहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में फार्मास्यूटिकल और अन्य उच्च मूल्यवर्धित उद्योगों के विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य निवेशकों को भूमि, बिजली, पानी, सड़क, ऊर्जा और आवश्यक अनुमतियां सुगमता से उपलब्ध कराना है, ताकि निवेश प्रस्तावों को जल्द अमलीजामा पहनाया जा सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियों और औद्योगिक संभावनाओं की जानकारी देते हुए उद्योग जगत को मध्य प्रदेश में नए निवेश और मौजूदा कारोबार के विस्तार के लिए आमंत्रित किया।