उज्जैन। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में वीवीआईपी आगमन का सिलसिला जारी है। बीती रात प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। दोनों नेताओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

नंदी हॉल से किए बाबा महाकाल के दर्शन
जानकारी के अनुसार, दोनों वरिष्ठ नेता देर रात श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने नंदी हॉल और गर्भगृह के द्वार से भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान पुरोहितों के माध्यम से विशेष पूजा-अर्चना भी संपन्न कराई गई।
दर्शन के बाद दोनों नेताओं ने देश और मध्य प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की मंगल कामना की।
मंदिर समिति ने किया अतिथियों का स्वागत
मंदिर में दर्शन के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का स्वागत एवं सत्कार किया।
इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से दोनों अतिथियों को प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और पार्टी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।