November 5, 2026

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम और सीहोर जिले की सीमा पर नर्मदा नदी किनारे चल रहे कथित अवैध जुए के फड़ पर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। सोहागपुर एसडीओपी अरविंद शाह के नेतृत्व में माखननगर और शाहगंज थाना पुलिस ने सुबह-सुबह दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद जुआरी नाव के जरिए नदी पार कर भागने लगे।

नदी में तेज बहाव और घटनास्थल तक पहुंचने के दुर्गम रास्ते को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा कारणों से आरोपियों का पीछा नहीं किया। कार्रवाई के दौरान मौके से नाव और ताश की गड्डियां जब्त की गईं। पुलिस ने जुए के अड्डे पर लगाए गए टेंट और दरी को भी नष्ट कर दिया।

शिकायतों के बाद दो जिलों की पुलिस ने चलाया संयुक्त अभियान

नर्मदापुरम एसपी सांई कृष्णा एस थोटा के मुताबिक, क्षेत्र में अवैध जुए की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सीहोर एसपी से समन्वय कर संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई में गोताखोरों की टीम भी शामिल थी।

पुलिस के अनुसार, जुआ संचालक कार्रवाई से बचने के लिए ऐसे दुर्गम स्थानों का इस्तेमाल करते थे, जहां पहुंचना आसान नहीं था। इन जगहों तक केवल नाव या ट्रैक्टर के जरिए पहुंचा जा सकता था।

चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस ने पलटा उर्फ वीरेंद्र, बुद्धा मीना, विनीत गोस्वामी और सतीश अहिरवार के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

इसके अलावा, जुए के अड्डे तक परिवहन के लिए नाव और ट्रैक्टर उपलब्ध कराने वाले 12 संदिग्धों को नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी बुद्धा मीना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उसे सड़क पर जुलूस के रूप में ले जाया गया।

वर्ष 2026 में जुए के 16 मामले दर्ज

माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जुए से जुड़े 16 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस ने कहा है कि अवैध जुए के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *