November 5, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश में नशीली कफ सिरप के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में एसटीएफ ने 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी अभिषेक निगम को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से वहां छिपकर रह रहा था।

विंध्य क्षेत्र में तैयार की थी सप्लाई चेन

जांच के मुताबिक, अभिषेक निगम ने मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में नशीली कफ सिरप की सप्लाई के लिए नेटवर्क तैयार किया था। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई के संभावित रास्तों की जानकारी जुटा रही है।

जांच एजेंसी को पूछताछ के दौरान दूसरे राज्यों तक फैले कथित अवैध सप्लाई नेटवर्क के बारे में भी अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आई है। इन जानकारियों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

भोपाल में 3 करोड़ की 74 हजार कफ सिरप जब्त

मई 2026 में एसटीएफ ने भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की 74 हजार नशीली कफ सिरप की बोतलें जब्त की थीं। जब्त सिरप में मुख्य रूप से ‘KUFF OFF’ और ‘ONREX’ ब्रांड शामिल थे।

इस कार्रवाई के बाद जांच एजेंसी कथित सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अभिषेक निगम की गिरफ्तारी को इसी जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

दूसरे राज्यों तक नेटवर्क की जांच जारी

एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली कफ सिरप की सप्लाई किन-किन राज्यों में की जा रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और जांच से जुड़े अगले कदमों की जानकारी सामने आने का इंतजार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *