मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का ISBT बस टर्मिनल एक बार फिर ड्रग्स तस्करी के मामले को लेकर चर्चा में है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने कार्रवाई करते हुए 7.32 करोड़ रुपये कीमत की एमडीएमए/मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स जब्त की है। मामले में दिल्ली से आए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ का वजन 9.139 किलोग्राम बताया जा रहा है।

सलवार सूट की पैकिंग के बीच छिपाए थे 11 पैकेट
जानकारी के मुताबिक, DRI को इनपुट मिला था कि दिल्ली से ड्रग्स की बड़ी खेप भोपाल लाई जा रही है। इसके आधार पर टीम ने ISBT पर निगरानी रखी। संदिग्ध युवक नेशनल हाईवे-46 के दिल्ली-नागपुर रूट पर चलने वाली बेंगलुरु जा रही बस से उतरा था।
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसके दो ट्रॉली बैग की तलाशी ली। जांच के दौरान बैग में 11 पैकेट मिले, जिनमें कुल 9.139 किलोग्राम क्रिस्टलीय मादक पदार्थ रखा हुआ था। तस्करी के लिए इसे सलवार सूट की पैकिंग के बीच छिपाया गया था।
DRI ने ड्रग्स जब्त कर संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ के जरिए खेप के स्रोत और तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
छह दिन में ISBT पर दूसरी बड़ी कार्रवाई
भोपाल ISBT पर छह दिन के भीतर DRI की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले 14 अक्टूबर को एजेंसी ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक अन्य बस में कार्रवाई की थी। उस दौरान एक महिला को 2.08 करोड़ रुपये कीमत की एम्फेटामीन ड्रग्स के साथ पकड़ा गया था।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद बस टर्मिनल के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
क्या भोपाल बन रहा है ड्रग्स तस्करी का ट्रांजिट हब?
ISBT पर कम समय में हुई दो बड़ी कार्रवाइयों ने भोपाल में ड्रग्स तस्करी के संभावित नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस टर्मिनल पर लगातार यात्रियों और बसों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या तस्कर इस रूट का इस्तेमाल दूसरे शहरों तक मादक पदार्थ पहुंचाने के लिए कर रहे हैं।
फिलहाल DRI और स्थानीय पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। जांच के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।