मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा बायपास पर RTO की कथित अवैध वसूली और प्रताड़ना के विरोध में ट्रक चालकों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। ट्रक चालकों का आरोप था कि RTO वाहन में तैनात आरक्षक उनसे दस्तावेज जांच के नाम पर पैसे मांग रहा था। सूचना मिलने पर SDOP सौरभ कुमार और थाना प्रभारी संजय शर्मा मौके पर पहुंचे और चालकों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की शिकायत परिवहन विभाग तक पहुंचने के बाद आरक्षक बालाजी गुर्जर को निलंबित कर दिया गया।

दस्तावेज जांच के नाम पर पैसे मांगने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह NH-44 पर RTO वाहन में तैनात आरक्षक बालाजी गुर्जर ने एक ट्रक को रोककर उसके दस्तावेज जांच के लिए ले लिए। ट्रक चालक का आरोप है कि इस दौरान आरक्षक ने उससे पैसों की मांग की। चालक ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो आरोप है कि आरक्षक ने दबंगई दिखाते हुए उसके दस्तावेज और मोबाइल अपने पास ले लिए और वहां से चला गया।
दूसरे ट्रक चालकों ने हाईवे पर रोके पहिए
घटना की जानकारी अन्य ट्रक चालकों को मिली तो उन्होंने विरोध जताते हुए अपने ट्रक हाईवे पर खड़े कर दिए और जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। SDOP सौरभ कुमार और थाना प्रभारी संजय शर्मा ने प्रदर्शन कर रहे चालकों से बातचीत कर उन्हें समझाया।
पुलिस की समझाइश के बाद ट्रक चालक जाम खोलने के लिए राजी हुए। इस दौरान संबंधित चालक को उसके दस्तावेज और मोबाइल भी वापस दिलाए गए। करीब एक घंटे बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।
परिवहन आयुक्त ने आरक्षक को किया निलंबित
मामले की शिकायत पुलिस ने परिवहन विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाई। इसके बाद परिवहन आयुक्त ने आरक्षक बालाजी गुर्जर के कृत्य को देखते हुए बुधवार देर शाम उसे निलंबित करने की कार्रवाई की।