डबरा: मध्य प्रदेश के डबरा के भितरवार थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात भितरवार कस्बे के वार्ड क्रमांक-2 में मेन रोड पर रहने वाले कथावाचक ज्ञानी भूषण शास्त्री के घर हुई। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और करीब 17 तोला सोना लेकर फरार हो गए। सुबह परिवार के जागने पर चोरी का पता चला।

छत के रास्ते घर में घुसे चोर
जानकारी के मुताबिक, चोर घर की छत के रास्ते अंदर पहुंचे थे। वे हार, झुमके, चूड़ियां समेत करीब 17 तोला सोने के आभूषण समेट ले गए। चोरी गए जेवरों की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया गया है कि शास्त्री की बहू और बेटा नीमच में रहते हैं। बेटा प्रवीण पाठक न्यायालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत है। बहू के सोने के जेवर घर में गेहूं से भरी एक टंकी में छिपाकर रखे गए थे। चोर टंकी में रखे जेवर भी चोरी कर ले गए।
TI और SDOP ने मौके पर पहुंचकर की जांच
वारदात की सूचना मिलने पर टीआई दीपेंद्र कुशवाह और एसडीओपी गगन हनवत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी सूचना दी गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस चोरी की घटना की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। एसडीओपी गगन हनवत के मुताबिक, इलाके के कुछ CCTV फुटेज भी देखे जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।