रायपुर: भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेली गई तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारतीय टीम ने 3-0 से क्लीन स्वीप कर शानदार जीत दर्ज की। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे मुकाबले का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी आनंद लिया। उन्होंने भारतीय महिला टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर पहली बार आयोजित इस ऐतिहासिक महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से प्रदेश की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
भारत की जीत पर सीएम साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारतीय महिला टीम को सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की।
सीएम ने कहा कि उन्होंने भी टीम इंडिया का दमदार प्रदर्शन करीब से देखा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को इस शानदार जीत के लिए बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 सीरीज
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवा रायपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह सिर्फ एक क्रिकेट सीरीज नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करने वाला अवसर है।
उन्होंने कहा कि जब प्रदेश की बेटियां विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए देखेंगी, तो उनमें भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और छत्तीसगढ़ के साथ देश का नाम रोशन करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस ऐतिहासिक सीरीज के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई थी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रत्यक्ष देखने का अवसर देना था।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर दे रही सरकार
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतिस्पर्धा के अवसर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्रतिभाओं को अपने ही राज्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिले।
मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खेल अधोसंरचना बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां नियमित रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता खुला है।
नवा रायपुर में बड़े क्रिकेट आयोजनों से बढ़ी प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते समय में नवा रायपुर में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए गए। राज्य सरकार की पहल पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मुकाबले भी सफलतापूर्वक आयोजित हुए।
अब भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के आयोजन से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम बढ़ा है।
खेल आयोजनों से पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
सीएम साय ने कहा कि बड़े खेल आयोजन किसी प्रदेश की खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ उसकी अर्थव्यवस्था और पहचान को भी नई ऊर्जा देते हैं। देश-दुनिया से खिलाड़ी, खेल अधिकारी और दर्शक छत्तीसगढ़ आते हैं, तो पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं। इससे रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी बनते हैं।
उन्होंने कहा कि नवा रायपुर तेजी से आधुनिक अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित हो रहा है। सरकार का लक्ष्य इसे आधुनिक राजधानी के साथ देश के प्रमुख स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान दिलाना है।
इसके लिए आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार, मौजूदा अधोसंरचना का बेहतर उपयोग और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
बेटियों की खेल उपलब्धियों से देश का बढ़ रहा गौरव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक माहौल बना है। भारतीय बेटियां लगातार शानदार उपलब्धियां हासिल कर विश्व मंच पर तिरंगे का मान बढ़ा रही हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह सीरीज उत्कृष्ट खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का यादगार उदाहरण बनेगी। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में आयोजित यह ऐतिहासिक सीरीज प्रदेश की नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा देगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।