November 8, 2026

छत्तीसगढ़। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में नया एस्ट्रोटर्फ बिछाने का काम शुरू हो गया है, लेकिन स्टेडियम की अन्य जरूरी सुविधाओं का काम अब भी अधूरा है। दोनों ओर की गैलरी में टूटी कुर्सियों की मरम्मत और शेड लगाने की मांग पूरी नहीं हुई है। वहीं, रात में मैच कराने के लिए फ्लड लाइट भी नहीं लगाई गई हैं। ऐसे में खेल प्रेमी स्टेडियम के बाकी काम जल्द पूरे कराने की मांग कर रहे हैं।

अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता की करीब 80 साल पुरानी परंपरा रही है। हालांकि, पिछले दो वर्षों से यह प्रतियोगिता आयोजित नहीं हो सकी है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि नए एस्ट्रोटर्फ का काम पूरा होने के बाद आगामी वर्ष में फिर से मुकाबले देखने को मिलेंगे।

नए एस्ट्रोटर्फ के लिए 6 करोड़ रुपये मंजूर

स्टेडियम में नया एस्ट्रोटर्फ बिछाने के लिए 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कर दिया गया है। इसे जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस प्रतियोगिता में देश की नामचीन हॉकी टीमें हिस्सा लेती रही हैं। इनमें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल होते थे। उनके खेल को देखकर शहर के युवा प्रेरणा लेते रहे हैं। लेकिन पिछले दो साल से प्रतियोगिता नहीं होने के कारण हॉकी प्रेमियों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है।

गैलरी की कुर्सियां, शेड और पानी की व्यवस्था भी अधूरी

नया टर्फ बिछाने का काम चल रहा है, लेकिन स्टेडियम की दूसरी सुविधाओं पर अब तक अपेक्षित काम नहीं हुआ है। दोनों ओर की गैलरी में कुर्सियों की मरम्मत और दर्शकों के लिए शेड लगाने की जरूरत है।

इसके अलावा एस्ट्रोटर्फ पर पर्याप्त पानी की व्यवस्था के लिए भी स्टेडियम में कोई स्थायी साधन उपलब्ध नहीं है। मैच के दौरान नगर निगम के टेंडर के माध्यम से पानी मंगवाया जाता है। खेल प्रेमियों का कहना है कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना जरूरी है।

फ्लड लाइट नहीं लगने से रात में मैच कराने की उम्मीद कमजोर

पहले हॉकी प्रतियोगिता फरवरी तक आयोजित कर ली जाती थी। इसके बाद गर्मी बढ़ने के कारण टीमों के शामिल होने में परेशानी आने की बात कही जाती है। ऐसे में गर्मी के मौसम में फ्लड लाइट की सुविधा से रात में मैच कराना एक विकल्प हो सकता है।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में अब तक फ्लड लाइट नहीं लग पाई हैं। इसके चलते रात में मुकाबले कराने की संभावना भी फिलहाल अधूरी है।

खेल प्रेमियों की मांग है कि एस्ट्रोटर्फ के साथ गैलरी की मरम्मत, शेड, पानी और फ्लड लाइट जैसी सुविधाओं का काम भी जल्द पूरा किया जाए, ताकि स्टेडियम आगामी हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार हो सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *