November 8, 2026

जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी से देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मां दंतेश्वरी के दर्शन किए। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।

पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के प्रति पूरे अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करना बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी अनूठी जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा।

बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं मां दंतेश्वरी

मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। क्षेत्र के लोगों की उनके प्रति गहरी आस्था है। उनकी उपासना बस्तर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में विशेष स्थान रखती है।

मां दंतेश्वरी से जुड़ी श्रद्धा बस्तर की सदियों पुरानी परंपराओं और यहां के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन में गहराई से रची-बसी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *