November 9, 2026

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर पैसों के लालच में पहले शिक्षिका की हत्या की और फिर वारदात का राज खुलने के डर से उनके बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया।

10 अक्टूबर को मिले थे मां-बेटे के शव

जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर को जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर दूर सुजल बरेठ (18) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। वहीं, उसकी मां रजनी बरेठ का शव केशवनगर स्थित उनके घर में बरामद हुआ था।

दोनों की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी प्रवेश कुमार तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

19 लाख रुपये के लोन की जानकारी से बना हत्या का इरादा

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रवेश कुमार ने बताया कि वह ऑटो पार्ट्स का कारोबार करता है और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी और मृतका रजनी बरेठ एक ही स्कूल में पदस्थ थीं। आरोपी को उसकी पत्नी से जानकारी मिली थी कि रजनी ने 19 लाख रुपये का लोन लिया है।

पुलिस के मुताबिक, इसी रकम को हासिल करने के इरादे से आरोपी रजनी के घर पहुंचा और उनसे पैसे मांगे। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि प्रवेश ने स्टील की बोतल से रजनी के सिर पर हमला किया और फिर बाथरूम में गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।

हत्या का राज खुलने के डर से बेटे को भी बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, रजनी की हत्या के बाद आरोपी को डर था कि उनका बेटा सुजल वारदात का खुलासा कर सकता है। इसी आशंका में उसने सुजल की भी हत्या करने की योजना बनाई।

आरोपी ने पहले सुजल को यह कहकर गुमराह किया कि उसकी मां उसके घर पर है। इसके बाद उसे घुमाने के बहाने अपनी कार में बैठाकर ले गया। रास्ते में उसे खाना-पीना कराया और लौटते समय राई जंगल ले गया। पुलिस के मुताबिक, वहां आरोपी ने सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सुजल के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मोबाइल, दस्तावेज और जेवर बरामद

पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी ने मृतका का मोबाइल फोन, घर से जुड़े दस्तावेज और जेवर अपने ससुराल अंबिकापुर में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने इन सामानों को बरामद कर लिया है।

इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई कार, स्टील की बोतल और सीमेंट के खंभे का टुकड़ा भी जब्त किया गया है। आरोपी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *