November 8, 2026

चिरमिरी। छत्तीसगढ़ के चिरमिरी में एक जायलो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल चिरमिरी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग महिला को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर किया गया है।

जगन्नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, परिवार गोदरीपारा से पोड़ी स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और जायलो गाड़ी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन में सवार एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल घटनास्थल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल चिरमिरी पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स भेजा गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *