दुर्ग। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ गई है। इसी बीच दुर्ग जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर चौंकाने वाली स्थिति सामने आई है। रायपुर से पहुंची खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर और मिठाई बनाने वाली फैक्ट्रियों में छापेमारी की। जांच के दौरान कहीं एक्सपायरी दूध मिला, तो कहीं गंदगी, खुले डस्टबिन और मकड़ी के जालों के बीच खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और संदिग्ध सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश दिए। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग के छत्तीसगढ़ कमिश्नर दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में की गई।
मां दुर्गा डेयरी में मिला एक्सपायरी दूध
टीम ने सबसे पहले भिलाई के छावनी क्षेत्र स्थित मां दुर्गा डेयरी में दबिश दी। जांच के दौरान वहां एक्सपायरी दूध मिला। इसके अलावा पनीर बनाने की जगह पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। गंदगी के बीच पनीर तैयार किया जा रहा था।
विभागीय अधिकारियों ने दूध और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही तैयार पनीर और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान फैक्ट्री संचालक की ओर से दो लाइसेंस भी दिखाए गए, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक लाइसेंस संबंधी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी। टीम ने स्वच्छता व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश भी दिए।
जांच के दौरान खाद्य सामग्री तैयार करने में पाम ऑयल के इस्तेमाल की बात भी सामने आई। हालांकि, फैक्ट्री संचालक जगमोहन यादव ने कहा कि उनकी इकाई में दूध, दही और पनीर तैयार किया जाता है और एनालॉग पनीर नहीं बनाया जाता। उन्होंने एक्सपायरी दूध मिलने और गंदगी के संबंध में विभाग के निर्देशों को स्वीकार करते हुए तैयार पनीर नष्ट करने की कार्रवाई किए जाने की बात कही।
मुस्कान फूड फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में मिली मिठाइयां
इसके बाद खाद्य विभाग की टीम बैकुंठ धाम स्थित मुस्कान फूड फैक्ट्री पहुंची। यहां भी साफ-सफाई को लेकर गंभीर लापरवाही मिली। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में सोनपापड़ी, मैसूर पाक और पेड़ा तैयार रखे थे। दीपावली से पहले इन मिठाइयों को बाजार की दुकानों तक पहुंचाने की तैयारी थी।
टीम ने मौके से मिठाइयों के नमूने लिए और तैयार सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश दिए।
गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री में भी मिली खामियां
इसके बाद टीम ने गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री में जांच की। यहां की स्थिति अन्य स्थानों की तुलना में बेहतर मिली, लेकिन साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी। फैक्ट्री में करीब डेढ़ क्विंटल लड्डू तैयार रखे थे। अधिकारियों ने संचालक को सफाई व्यवस्था तत्काल सुधारने और तैयार लड्डुओं को नष्ट कराने के निर्देश दिए।
त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों की निगरानी पर उठे सवाल
दीपावली से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्थानीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिन फैक्ट्रियों में रोजाना बड़ी मात्रा में पनीर और मिठाइयां तैयार होकर बाजार तथा लोगों के घरों तक पहुंचती हैं, वहां स्वच्छता के नियमों की अनदेखी कैसे हो रही थी?
कार्रवाई के लिए रायपुर से टीम को दुर्ग पहुंचना पड़ा। ऐसे में स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और निगरानी की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। त्योहार के दौरान बाजार में मिठाइयों और पनीर की बढ़ती मांग के बीच यह कार्रवाई उपभोक्ताओं की खाद्य सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत भी बताती है।