November 8, 2026

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से नगर पंचायत के पार्षद समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, शराब पीने वाला एक अन्य युवक अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

चार दोस्तों ने साथ बैठकर पी थी शराब

जानकारी के मुताबिक, मामला पामगढ़ नगर पंचायत का है। मृतकों की पहचान BSP पार्षद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों ने पुराने अस्पताल परिसर में अपने दो अन्य साथियों के साथ शराब पी थी। कुछ देर बाद चार में से तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

सिम्स और अपोलो अस्पताल में हुई मौत

तबीयत बिगड़ने पर राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया।

राम खिलावन जांगड़े ने सिम्स अस्पताल में, जबकि जोहित खरे ने अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरे युवक को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका

घटना के बाद शराब में जहरीला पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *