रायपुर। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने पहले प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन पार्टी सांसदों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन और सरकार के कामकाज को बेहतर बनाने, सत्ता और संगठन के बीच समन्वय तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। बैठक में शामिल सांसदों ने लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में बताया कि स्मृति ईरानी ने उनसे सुझाव मांगे और विभिन्न मुद्दों पर फीडबैक लिया।

संगठन और सरकार मिलकर करें काम : बृजमोहन अग्रवाल
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि संगठन और सरकार का कामकाज बेहतर कैसे हो सकता है। स्मृति ईरानी ने भी बेहतर कार्यप्रणाली को लेकर अपने सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए संगठन, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं की क्या भूमिका होनी चाहिए, इस पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। संगठन और सरकार मिलकर काम करेंगे, तभी आने वाले समय में फिर से सत्ता में आकर जनता की सेवा कर सकेंगे।
सांसदों से वन-टू-वन चर्चा, योजनाओं पर लिया फीडबैक
सांसद विजय बघेल ने बताया कि प्रदेश प्रभारी ने सांसदों से वन-टू-वन चर्चा की और उनका फीडबैक लिया। बैठक में यह भी जाना गया कि उनके-अपने लोकसभा क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं किस तरह पहुंच रही हैं। इन सभी विषयों पर खुलकर बातचीत हुई।
विचारधारा को धरातल पर उतारने पर चर्चा : लक्ष्मी वर्मा
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि बैठक में पार्टी की विचारधारा को धरातल पर उतारने और सत्ता-संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने को लेकर मंथन हुआ। स्मृति ईरानी ने जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगे और सांसदों ने भी अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ की स्थिति से परिचित हैं और प्रदेश में संगठन का दायित्व बखूबी निभाएंगी।