कोरबा। कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में केंदई के पास हसदेव नदी में छलांग लगाने वाले आरक्षक सुनील बेक का शव करीब 72 घंटे बाद सोमवार को बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की टीम ने लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला। आरक्षक सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना अंतर्गत तारापुर चौकी में पदस्थ थे। पुलिस उनके इस कदम के पीछे की वजह तलाश रही है।

पुल पर मिली थी बाइक और दस्तावेज
जानकारी के मुताबिक, 23 अक्टूबर को केंदई के पास पुल पर आरक्षक की बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी मिली थी। बाइक के पास ही उनका मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड भी बरामद हुआ था।
मौके पर मिले सामान के आधार पर उनके हसदेव नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई गई। जांच में बाइक आरक्षक सुनील बेक की होने की पुष्टि हुई।
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलने पर मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। बाइक और दस्तावेज बरामद करने के बाद नदी में तलाश शुरू की गई। आरक्षक की खोज के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया।
करीब 72 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार को एसडीआरएफ ने उनका शव बरामद कर लिया।
आत्मघाती कदम के कारणों की जांच
शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरक्षक सुनील बेक के नदी में छलांग लगाने के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।