November 9, 2026

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में 13 अक्टूबर से जारी राजस्व पटवारी संघ की प्रांतव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल को अब राज्य कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के तहसीलदारों का भी समर्थन मिल गया है। पीवी एप के विरोध के साथ वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पटवारियों के समर्थन में कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रांताध्यक्ष पेखन टोण्डे अपने साथियों के साथ बलौदाबाजार के दशहरा मैदान स्थित धरनास्थल पहुंचे।

इस दौरान पेखन टोण्डे ने पटवारियों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि शासन को इन्हें तत्काल पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मांगों का निराकरण कोई बड़ा मुद्दा नहीं है और सरकार चाहे तो इन्हें जल्द पूरा कर सकती है।

‘वेतन विसंगति दूर हो, पटवारियों को मिले पदोन्नति’

कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रांताध्यक्ष पेखन टोण्डे ने कहा कि गिरदावरी राजस्व विभाग का काम है और पटवारी इसे पूरी ईमानदारी से करते हैं। उनकी वेतन विसंगति को तत्काल दूर किया जा सकता है और पदोन्नति भी दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि शासन इस मामले में संघ से राय मांगता है, तो वे तत्काल पटवारियों की मांगों का समर्थन करेंगे।

पीवी एप को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें काफी सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को संवेदनशील बताते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि वे मामले का संज्ञान लेकर पटवारियों की मांगों पर जल्द निर्णय लेंगे।

टोण्डे ने कहा कि पटवारियों का यह आंदोलन केवल उनका आंदोलन नहीं, बल्कि किसानों से भी जुड़ा हुआ है।

लंबित मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल

पटवारी संघ के संरक्षक कृष्ण कुमार मिरी ने कहा कि पीवी एप में काफी हद तक सुधार हुआ है, लेकिन वेतन विसंगति और पदोन्नति जैसी वर्षों से लंबित मांगें अब भी पूरी नहीं हुई हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक इन मांगों का निराकरण नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। मिरी ने कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि इस आंदोलन को अब तहसीलदारों का भी साथ मिला है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *