November 9, 2026

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर मंगलवार तड़के एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना सिमगा थाना क्षेत्र में दामाखेड़ा के पास ओवरब्रिज की है।

सुबह 4:30 बजे ट्रक में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर दामाखेड़ा गांव के पास चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी। खतरा भांपते हुए चालक और परिचालक ने वाहन से छलांग लगा दी और सुरक्षित बाहर निकल आए।

दमकल ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग बुझाई। फिलहाल क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। शुरुआती आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रक में आग लगी होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक दिन पहले बस-ट्रक भिड़ंत में हुई थी पांच लोगों की मौत

गौरतलब है कि इसी मार्ग पर एक दिन पहले सुबह करीब 5:30 बजे यात्री बस खड़े ट्रक से टकरा गई थी। इस हादसे में ड्राइवर और हेल्पर समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 14 यात्री घायल हुए थे। सोमवार की घटना के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाकर किनारे कर दिया गया, ताकि दोबारा कोई बड़ा हादसा न हो।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *