रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने रायपुर और दुर्ग में एक साथ दबिश दी। रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला में ईडी के अधिकारी जांच-पड़ताल कर रहे हैं। वहीं, दुर्ग की ऋषभ ग्रीन सिटी में भी टीम ने एक आवास पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू की है। फिलहाल दोनों जगहों पर कार्रवाई की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

रायपुर के सुशील विला में जांच
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह ईडी के अधिकारियों की टीम रायपुर के पंडरी इलाके में स्थित रवि नगर के सुशील विला पहुंची। अधिकारियों के पहुंचते ही इलाके में हलचल बढ़ गई। टीम घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती भी की गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जांच के दायरे में कौन व्यक्ति है और किस मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है। ईडी की ओर से भी इस संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में भी छापेमारी
रायपुर के अलावा दुर्ग में भी ईडी की टीम ने मंगलवार सुबह दबिश दी। करीब सुबह 6 बजे लगभग 10 अधिकारियों की टीम ऋषभ ग्रीन सिटी के ऋषभ कॉलोनी स्थित E-701 पहुंची। यहां गुलशन बघेल के आवास पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि गुलशन बघेल ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं। हालांकि, उनके आवास पर की जा रही कार्रवाई का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
भारतमाला परियोजना और कथित शराब घोटाले से जोड़कर चर्चा
दोनों जगहों पर ईडी की कार्रवाई को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच चर्चा है कि दुर्ग में हुई कार्रवाई का संबंध भारतमाला परियोजना और कथित शराब घोटाले से हो सकता है। हालांकि, इन संभावनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।