November 9, 2026

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद वन परिक्षेत्र में मकड़ियों की जैव-विविधता पर किए जा रहे अध्ययन के दौरान शोधकर्ताओं को बड़ी सफलता मिली है। शोध दल ने ऑर्ब-वीवर समूह की दुर्लभ मकड़ी ‘मंगोरा बाई’ (Mangora baii Mi & Li, 2021) को भारत में पहली बार दर्ज किया है। इस प्रजाति का रिकॉर्ड इससे पहले वर्ष 2021 में चीन में मिला था। शोधकर्ताओं की इस खोज की जानकारी इंडियन जर्नल ऑफ नेचुरल साइंस ने 24 अक्टूबर को अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित की।

शोध दल में ये वैज्ञानिक रहे शामिल

इस अध्ययन में डॉ. अविनाश आर. निचत, एम.वी.वी. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भखारा (धमतरी); डॉ. के.के. हैरिस और जशवंत नायक, शासकीय दूधाधारी बजरंग गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, रायपुर; तथा हितेश कुमार वारते, श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय, रायपुर शामिल रहे।

एक महीने की पड़ताल के बाद हुई पहचान

शोधकर्ताओं के अनुसार, यह दुर्लभ मकड़ी गरियाबंद-देवभोग मार्ग पर जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर मिली थी। शुरुआती तौर पर इसकी तस्वीरों का मिलान करने पर भारत में इस प्रजाति से संबंधित कोई शोध रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद टीम ने मकड़ी की शारीरिक संरचना का बारीकी से अध्ययन किया।

अध्ययन में इसके अंडाकार उदर पर चौड़ी अनुप्रस्थ काली धारियां, काला सेफलोथोरैक्स, पैरों की लंबी और चौड़ी जोड़ियां तथा उदर के निचले हिस्से में चौड़ी अनुदैर्ध्य रेखा जैसी विशेषताएं देखी गईं।

इन लक्षणों के आधार पर शोधकर्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में मिलती-जुलती प्रजातियों की तलाश शुरू की। करीब एक महीने की खोज के बाद वर्ष 2021 में चीन में प्रकाशित एक शोध में इसी तरह की मकड़ी की तस्वीर मिली। इसके बाद टीम ने पहचान से जुड़ी विधिवत शोध प्रक्रिया पूरी की।

छत्तीसगढ़ की जैव-विविधता के लिए अहम खोज

शोधकर्ताओं द्वारा जुटाए गए आंकड़ों और रिपोर्ट की समीक्षा के बाद इंडियन जर्नल ऑफ नेचुरल साइंस ने 24 अक्टूबर को इस प्रजाति के भारत में पहली बार दर्ज होने की जानकारी प्रकाशित की।

गरियाबंद में Mangora baii का यह पहला भारतीय रिकॉर्ड छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्रों में मौजूद समृद्ध और अब तक पूरी तरह अन्वेषित नहीं हुई जैव-विविधता की ओर संकेत करता है। शोधकर्ताओं का मानना है कि राज्य के अलग-अलग वन क्षेत्रों में लगातार वैज्ञानिक सर्वेक्षण किए जाने से भविष्य में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रजातियों की मौजूदगी और उनके भौगोलिक वितरण से जुड़े नए तथ्य सामने आ सकते हैं।

यह खोज छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपलब्धि है। साथ ही, इससे भारत में मकड़ियों की जैव-विविधता और उनके भौगोलिक विस्तार को समझने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *