दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबारी गुलशन बघेल के निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी समाप्त हो गई है। मंगलवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई के दौरान ईडी की टीम ने घर में मौजूद दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच एजेंसी के अधिकारी कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की प्रतियां अपने साथ ले गए हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन और लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं। गुलशन बघेल को आगे की पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय बुलाया गया है।

करीब 10 अधिकारियों की टीम ने की जांच
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ईडी की करीब 10 अधिकारियों की टीम दुर्ग के ऋषभ सिटी स्थित गुलशन बघेल के निवास पर पहुंची थी। अधिकारियों ने घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम चल-अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की प्रतियां अपने साथ ले गई। मोबाइल फोन और लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं।
सातवीं मंजिल पर पेंटहाउस, पार्किंग में लग्जरी गाड़ियां
बताया जा रहा है कि गुलशन बघेल का ऋषभ सिटी की सातवीं मंजिल पर आलीशान पेंटहाउस है। उन्हें लग्जरी गाड़ियों का शौकीन भी बताया जाता है। उनके पार्किंग परिसर में मर्सिडीज, रेंज रोवर और फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियां मिली हैं।
शराब और कोयला घोटाले से जुड़े लेनदेन की आशंका
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए कथित शराब और कोयला घोटाले से जुड़े पैसों को कारोबार में खपाने की आशंका के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, छापेमारी के कारणों और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों को लेकर ईडी की ओर से अब तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गुलशन बघेल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम पर कथित उगाही के आरोपों को लेकर भी चर्चा में रह चुके हैं। इन आरोपों और ईडी की मौजूदा कार्रवाई के बीच किसी आधिकारिक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
रायपुर में भी ईडी ने दी थी दबिश
मंगलवार सुबह ईडी की टीम ने दुर्ग के साथ राजधानी रायपुर में भी छापेमारी की थी। रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला में अधिकारियों ने पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच-पड़ताल की थी। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती भी की गई थी।
फिलहाल दुर्ग में गुलशन बघेल के निवास पर जांच पूरी हो चुकी है। उन्हें पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय बुलाया गया है। जांच एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद कार्रवाई के कारणों और आगे की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।