November 10, 2026

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के छत्तीसगढ़ में संभावित प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। प्रदेश में तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका के बीच एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दंतेवाड़ा, बीजापुर, बालोद, कांकेर और राजनांदगांव सहित कई जिलों में बुधवार, 28 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

धमतरी के सभी शैक्षणिक संस्थान रहेंगे बंद

चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए धमतरी जिले में भी बुधवार को सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी होने के बाद प्रशासन सतर्क है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने अवकाश घोषित किया है।

बालोद में विद्यार्थियों की छुट्टी, शिक्षकों को आना होगा स्कूल

बालोद जिले में भी चक्रवाती तूफान और अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए बुधवार को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह छुट्टी केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगी। शिक्षकों को स्कूल आना होगा। जिला प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

राजनांदगांव और मोहला-मानपुर में भी अवकाश

विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव और मोहला-मानपुर जिलों में भी 28 अक्टूबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों ने आदेश जारी किए हैं।

अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव आने की आशंका है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही तेज हवाएं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *