November 10, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार भी किसानों को धान बेचने के लिए टोकन लेने सोसायटियों में लंबी कतारें नहीं लगानी पड़ेंगी। सरकार ने पिछले साल की तरह इस वर्ष भी ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन टोकन की सुविधा जारी रखी है। किसान घर बैठे अपनी सुविधा के अनुसार धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे।

24 घंटे मिलेगी ऑनलाइन टोकन की सुविधा

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा संचालित ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। इसके माध्यम से किसान 24 घंटे यानी 24×7 ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

इस व्यवस्था से किसानों के समय और श्रम की बचत होगी। साथ ही धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

जोत के हिसाब से मिलेंगे टोकन

धान विक्रय के लिए किसानों की जोत के आधार पर टोकन की संख्या निर्धारित की गई है।

  • 2 एकड़ तक: लघु एवं सीमांत किसानों को एक टोकन मिलेगा।
  • 2 एकड़ से अधिक और 10 एकड़ तक: अधिकतम दो टोकन मिलेंगे।
  • 10 एकड़ से अधिक: अधिकतम तीन टोकन प्राप्त करने की सुविधा होगी।

कम धान बेचने पर शेष पात्रता नहीं होगी खत्म

किसानों की सुविधा के लिए इस साल भी टोकन में धान की मात्रा दर्ज करने का विकल्प दिया गया है। किसान अपनी जरूरत और उपलब्धता के अनुसार धान की मात्रा दर्ज कर टोकन प्राप्त कर सकेंगे।

यदि कोई किसान एक टोकन पर अपनी पूरी पात्र मात्रा का धान नहीं बेच पाता है, तो उसकी शेष पात्रता समाप्त नहीं होगी। वह नियमानुसार दूसरे या तीसरे टोकन के जरिए बची हुई पात्र मात्रा का धान बेच सकेगा।

किसानों को सोसायटियों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत

‘तुंहर टोकन’ एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को धान विक्रय के लिए अधिक सुविधा और विकल्प उपलब्ध कराना है। इससे किसानों को बार-बार सोसायटियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और वे घर बैठे टोकन लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आसानी से अपनी उपज बेच सकेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *