रायपुर। राजधानी की बदहाल सफाई व्यवस्था के विरोध में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने नगर निगम रायपुर का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और शहर की सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। बारिश के बीच भी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

कई वार्डों में गंदगी और कचरे के जमाव का आरोप
JCCJ के प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल ने कहा कि राजधानी रायपुर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था लगातार बदतर होती जा रही है। कई इलाकों में कचरे का ढेर, गंदगी और नियमित सफाई नहीं होने से आम नागरिकों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि राजधानी जैसे महत्वपूर्ण शहर में सफाई व्यवस्था की यह स्थिति नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। जब राजधानी ही साफ-सुथरी नहीं रह पा रही है, तो स्वच्छ रायपुर का सपना कैसे साकार होगा?
नवीन अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसका असर शहर की सड़कों, गलियों और हर वार्ड में दिखना चाहिए। नगर निगम को नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करनी चाहिए।
नागरिकों की शिकायतों का हो त्वरित निराकरण : शमशुल आलम
युवा कार्यकारी अध्यक्ष शमशुल आलम ने कहा कि रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए केवल घोषणाएं करना पर्याप्त नहीं है। जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था की स्थिति प्रशासन की वास्तविक कार्यप्रणाली को दर्शाती है।
उन्होंने नगर निगम से जनता की समस्याओं पर गोलमोल जवाब देने के बजाय ठोस कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सफाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने की बात कही।
तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग : माखन ताम्रकार
ग्रामीण जिला अध्यक्ष माखन ताम्रकार ने कहा कि राजधानी की जनता को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शहर में जगह-जगह गंदगी और कचरे का जमाव स्वास्थ्य के लिहाज से चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि बारिश के बीच झाड़ू लेकर प्रदर्शन करने का उद्देश्य नगर निगम प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी का एहसास कराना है। प्रशासन को सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि रायपुर स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित राजधानी बन सके।
JCCJ ने रखीं ये मांगें
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने नगर निगम प्रशासन से सभी वार्डों में नियमित सफाई कराने, कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त करने, नालियों की सफाई सुनिश्चित करने और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने की मांग की। पार्टी ने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की भी मांग उठाई।
प्रदर्शन में ग्रामीण जिला अध्यक्ष माखन ताम्रकार, युवा कार्यकारी अध्यक्ष शमशुल आलम, युवा ग्रामीण अध्यक्ष चेतन आडिल, सोशल मीडिया संयोजक नावेद कुरैशी, छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष अंशांश पॉल, प्रदेश सचिव अनिल भारती, ताराचंद बंजारे और भोला राम बंजारे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
JCCJ ने कहा कि राजधानी की सफाई व्यवस्था में सुधार होने तक जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाई जाती रहेगी।