रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर संभावित भारी बारिश, तेज हवाओं और खराब मौसम से निपटने के लिए एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को किया जा रहा जागरूक
जिला प्रशासन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरत रहा है। ग्रामीण इलाकों में मुनादी के जरिए लोगों को चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभावों की जानकारी दी जा रही है। नागरिकों को तेज हवाओं, भारी बारिश, आकाशीय बिजली और जलभराव के दौरान सावधानी बरतने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है।
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
संभावित आपदा से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत और विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य राहत-बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों, निचले इलाकों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। नगरीय निकायों को नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। इसके अलावा जर्जर भवनों, कमजोर संरचनाओं, पेड़ों और बिजली लाइनों से होने वाले संभावित खतरे को देखते हुए भी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर
प्रशासन मौसम विभाग से मिलने वाले पूर्वानुमान और चेतावनियों की नियमित समीक्षा कर रहा है। अधिकारियों को आम नागरिकों तक समय पर जरूरी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और विभागों के बीच त्वरित सूचना साझा करने की व्यवस्था की गई है।
अफवाहों से बचें, प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से मिली जानकारी पर भरोसा करें।
सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए आमजन की सहायता और जानकारी के लिए जिला प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0771-2413233 जारी किया है। जरूरत पड़ने पर नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें।