November 11, 2026

मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों सहित प्रदेश के सभी हिस्सों में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में 150 करोड़ रुपये की लागत से 34 हाईस्कूल भवनों और 4 जनजातीय कन्या छात्रावासों का भूमिपूजन किया गया है। वहीं, बिछिया में फुटबॉल खेल सुविधाओं के विकास के लिए 5.10 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

शिक्षा और खेल सुविधाओं के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बच्चों को बेहतर शिक्षा और खेलों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बिछिया में फुटबॉल सुविधाओं के विकास पर खर्च होने वाली राशि से स्थानीय बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के साथ बिजली, पानी, सिंचाई और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

तेंदूपत्ता संग्राहकों और जनजातीय परिवारों के लिए योजनाएं

डॉ. मोहन यादव ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को 75 प्रतिशत बोनस दिया जा रहा है। इसके अलावा 32 लघु वनोपज पर समर्थन मूल्य की व्यवस्था की गई है। सहरिया समुदाय की महिलाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, शहडोल में बैगा परिवारों के लिए करीब 17 हजार आवास उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही 65 किलोमीटर सड़कें बनाई गई हैं और 28 हजार परिवारों तक जल सुविधा पहुंचाई गई है।

जनजातीय बेटियों को अब 12 महीने मिलेगी छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय वर्ग की बेटियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति अब 10 महीने के बजाय पूरे 12 महीने दी जाएगी। इससे छात्राओं को पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक मदद मिलेगी।

उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर बताया कि प्रदेश में अब तक 85 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है। सरकार आगे एक लाख नई भर्तियां करने की दिशा में भी काम करेगी।

विकास परियोजनाओं और योजनाओं पर भी काम जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्लीमनाबाद टनल, नदी जोड़ो अभियान और भावांतर भुगतान योजना सहित विभिन्न विकास कार्य लगातार आगे बढ़ाए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *