शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में राम कथा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक पंडाल में आग लग गई। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। आग की चिंगारी दिखाई देते ही सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाला और अग्निशामक यंत्रों की मदद से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
जानकारी के मुताबिक, करैरा में राम कथा का आयोजन किया जा रहा था। इस दौरान पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी हुई थी। तभी अचानक पंडाल में आग की चिंगारी उठने लगी, जिससे वहां मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते संभाला मोर्चा
पंडाल में आग दिखाई देते ही वहां तैनात सुरक्षाकर्मी सक्रिय हो गए। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाना शुरू किया और कुछ ही देर में उस पर काबू पा लिया। सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि घटना के समय बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पंडाल में मौजूद नहीं थे। इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।