November 12, 2026

ग्वालियर। निर्माणाधीन सांदीपनि पद्मा कन्या विद्यालय की छत ढहने के मामले में राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही सामने आने पर सहायक यंत्री राजदीप सिंह जादौन और उपयंत्री सतेन्द्र पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, परियोजना यंत्री मनोज आचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सीएम राइज योजना के तहत बन रहे इस स्कूल की छत स्लैब कास्टिंग के दौरान ढह गई थी। हादसे में चार मजदूर घायल हुए थे।

भोपाल से पहुंची जांच टीम ने किया निरीक्षण

मामला ग्वालियर के पद्माराजे स्कूल परिसर में निर्माणाधीन सांदीपनि पद्मा कन्या विद्यालय का है। छत गिरने की घटना को राज्य शासन ने गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए भोपाल से एक दल भेजा था। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों की उदासीनता सामने आने की बात कही गई है। इसके बाद पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के सहायक यंत्री राजदीप सिंह जादौन और उपयंत्री सतेन्द्र पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया।

परियोजना यंत्री को कारण बताओ नोटिस

मामले में परियोजना यंत्री यानी कार्यपालन यंत्री मनोज आचार्य के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। निगम के प्रबंध संचालक अनंत कुमार सिंह ने निलंबन और नोटिस से संबंधित अलग-अलग आदेश जारी किए हैं।

स्लैब कास्टिंग के दौरान ढही थी छत, चार मजदूर घायल

गौरतलब है कि बीते सोमवार को निर्माणाधीन विद्यालय में स्लैब कास्टिंग के दौरान छत ढह गई थी। हादसे में चार मजदूर घायल हो गए थे। घटना के बाद निर्माण की गुणवत्ता और अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे।

अब दो अधिकारियों के निलंबन और परियोजना यंत्री को नोटिस जारी होने के बाद जांच के निष्कर्षों का इंतजार है। इससे स्पष्ट होगा कि निर्माण कार्य में कहां और किस स्तर पर लापरवाही हुई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *