बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के गौ सेवकों ने गौवंश संरक्षण को लेकर ओडिशा के कोटपाड़ में हुई कार्रवाई का स्वागत किया है। यहां 27 गायों को कथित कत्लखाने से बचाया गया, जबकि मौके से करीब 9 क्विंटल गौमांस बरामद होने की जानकारी सामने आई है। गौ सेवकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और गौमांस के परिवहन तथा बिक्री से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने की मांग की है।

विधायक से मुलाकात के बाद उठाया गया था गौवंश संरक्षण का मुद्दा
जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले के गौ सेवकों ने ओडिशा के विधायक रूपु भतरा से मुलाकात कर गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण का मुद्दा उठाया था। इसके बाद कोटपाड़ में पुलिस कार्रवाई हुई।
कार्रवाई के बाद बचाई गई 27 गायों में से 19 को छत्तीसगढ़ के कुरंदी स्थित हैप्पी कामधेनु गौशाला को सौंपा गया, जबकि आठ गायों को कोटपाड़ के स्थानीय गौपालकों के सुपुर्द किया गया।
जगदलपुर तक गौमांस कारोबार के संभावित नेटवर्क की जांच की मांग
गौ सेवकों ने आशंका जताई है कि इस कारोबार का विस्तार छत्तीसगढ़ के जगदलपुर तक हो सकता है। उनका दावा है कि पूर्व में गौमांस तस्करी के मामले में पकड़े गए एक आरोपी ने कोटपाड़ क्षेत्र से गौमांस लाकर बेचने की बात स्वीकार की थी।
इसी आधार पर उन्होंने संबंधित एजेंसियों से गौवंश वध, मांस के परिवहन और बिक्री से जुड़े संभावित नेटवर्क की व्यापक जांच करने की मांग की है।
गौ सेवकों ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
गौ सेवक मुन्ना बजरंगी ने कहा कि 27 गायों को बचाया जाना राहत की बात है, लेकिन करीब 9 क्विंटल गौमांस की बरामदगी मामले की गंभीरता को दर्शाती है। उन्होंने संबंधित लोगों, परिवहन के रास्तों और मांस की बिक्री के संभावित ठिकानों की जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
गौ सेवक रोहन घोष ने कहा कि ओडिशा में 27 गायों को बचाया जाना सराहनीय है। उन्होंने जांच एजेंसियों से गौमांस के स्रोत और उसके परिवहन में इस्तेमाल किए गए रास्तों का पता लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बस्तर और ओडिशा के गौ सेवक आपसी समन्वय से गौवंश संरक्षण के लिए प्रयास जारी रखेंगे।
विधायक और पुलिस विभाग का जताया आभार
गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक पनपलिया ने कार्रवाई के लिए ओडिशा के विधायक रूपु भतरा और पुलिस विभाग का आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले की गहन जांच होगी और गौवंश वध तथा गौमांस के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।