रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले की जांच के बीच आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को प्रदेशभर में कार्रवाई की। रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, राजिम और कोरबा में करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर जांच एजेंसियों की टीमों ने दबिश दी। कुछ कार्रवाइयां शराब घोटाले, तो कुछ कोयला लेवी और DMF घोटाले की जांच से जुड़ी बताई जा रही हैं।

रायपुर में रियल एस्टेट कारोबारी के घर जांच
राजधानी के वीआईपी स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर EOW-ACB की टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में की गई है। फिलहाल टीम की जांच और कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
राजनांदगांव में दो कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश
राजनांदगांव में EOW की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। करीब 10 अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की टीम दो वाहनों से पहुंची। टीम ने सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के निवास और लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के घर जांच की। यह कार्रवाई शराब घोटाले और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच से जुड़ी बताई गई है।
गोबरा नवापारा में ज्वेलर्स और कपड़ा कारोबारी के प्रतिष्ठानों की जांच
अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा में EOW और ACB की संयुक्त टीम ने सोना-चांदी और कपड़े के कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। टीम ने नवकार ज्वैलर्स और शांति विजय स्टोर्स सहित कारोबारी के अन्य ठिकानों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान अधिकारी दस्तावेजों की पड़ताल करते रहे। जांच के संबंध में एजेंसियों की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
बिलासपुर में कोयला कारोबारी के आवास पर कार्रवाई
बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के निवास पर भी EOW-ACB की टीम पहुंची। शुक्रवार सुबह से अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और दस्तावेजों सहित अन्य जानकारियों की जांच की। फिलहाल कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा सामने नहीं आया है।
कटघोरा में नगर पालिका अध्यक्ष के घर छापा
कोरबा जिले के कटघोरा में EOW की टीम ने दो ठिकानों पर दबिश दी। टीम नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के आवास के साथ नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी पहुंची। इस कार्रवाई को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए DMF घोटाले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, एजेंसी की ओर से कार्रवाई के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
भिलाई में ट्रांसपोर्टर के आवास पर दबिश
दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई स्थित वसुंधरा नगर में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे EOW-ACB की टीम ट्रांसपोर्टर जितेंद्र कुमार सिंह के आवास पहुंची। वे ट्रांसपोर्टिंग और ऑयल कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं तथा साईं ऑयल करियर और रवि रोडलाइन्स के संचालक हैं। यह कार्रवाई कोल लेवी और शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में किए जाने की जानकारी है।
कार्रवाई के नतीजों का इंतजार
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एक साथ हुई इन कार्रवाइयों से कारोबार जगत में हलचल है। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियों की आधिकारिक जानकारी और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।