November 18, 2026

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सड़क हादसे का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। ट्रांसपोर्ट नगर के सीएसईबी चौक के पास तेज रफ्तार बाइक एक कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक हवा में उछलकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी भी उससे टकरा गई।

कार के बोनट से टकराई बाइक

जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात हुआ। डिवाइडर से मुड़ रही कार के बोनट से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। टक्कर के बाद बाइक सवार उछलकर विपरीत लेन में गिर गया। इसी दौरान दो महिलाओं को लेकर जा रही स्कूटी उससे भिड़ गई।

बताया जा रहा है कि स्कूटी की गति नियंत्रित होने के कारण दोनों महिलाओं को ज्यादा चोट नहीं आई। हालांकि, टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर गईं और उन्हें हल्की चोटें आईं।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में बाइक और कार की टक्कर के बाद युवक के डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में गिरने और फिर स्कूटी से टकराने का दृश्य दिखाई देता है।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद बाइक को सड़क से हटाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *