November 16, 2026

रायपुर। दिल्ली में एक नवंबर को आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ता 16 बसों में सवार होकर रवाना हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

किसानों की कर्जमाफी और फसल बीमा भुगतान की मांग

कार्यकर्ताओं को रवाना करने के बाद पत्रकारों से चर्चा में दीपक बैज ने चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बारिश से बस्तर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में फसलें तबाह हुई हैं और किसान चिंतित हैं। दूसरी ओर पटवारियों की हड़ताल के कारण फसल सर्वे को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

बैज ने सरकार से पटवारियों से तत्काल बातचीत कर हड़ताल खत्म कराने और बीमा कंपनियों को जल्द सर्वे कर नुकसान का आकलन करने के निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को जल्द बीमा राशि का भुगतान किया जाना चाहिए।

जेपी नड्डा की पदयात्रा पर साधा निशाना

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की पदयात्रा को लेकर बैज ने कहा कि लोकतंत्र बचाने की बात करने से पहले चुनाव प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सरकार वोट चोरी और एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम काट रही है।

बैज ने दावा किया कि यदि चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी सीट भी नहीं बचा पाएंगे। उन्होंने भाजपा से चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब देने की मांग की।

116 जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में कटौती पर सवाल

बस्तर के 116 जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में कटौती को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार से सवाल किए। उन्होंने कहा कि सरकार नक्सलवाद खत्म होने का दावा कर रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा घटाई जा रही है।

बैज ने पूछा कि क्या पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की एनएसजी सुरक्षा हटाने की भी सिफारिश की गई है? उन्होंने बस्तर के नेताओं को मिली सीआरपीएफ सुरक्षा पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा हटाने का फैसला लिया जा रहा है तो सभी नेताओं के मामले में समान नीति अपनाई जानी चाहिए। बैज ने गृहमंत्री से पूछा कि क्या पूर्व मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं की सुरक्षा भी हटाई जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *