रायपुर। दीपावली के पर्व पर नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारियों का वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन नहीं रुके, इसके लिए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की पहल पर विभाग ने निकायों को कुल 164 करोड़ 65 लाख रुपये आवंटित किए हैं। इसमें लंबित वेतन के लिए 59 करोड़ 53 लाख रुपये और पेंशन भुगतान के लिए अतिरिक्त अनुदान के रूप में 34 करोड़ 85 लाख रुपये दिए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दीपावली को ध्यान में रखते हुए नगरीय निकायों में वेतन, पेंशन और अन्य जरूरी भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि त्योहार के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अपने बकाया भुगतान के लिए आर्थिक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
स्वच्छता दीदियों के तीन महीने के मानदेय के लिए 23.51 करोड़
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मिशन क्लीन सिटी के तहत स्वच्छता दीदियों के अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक के मानदेय भुगतान के लिए 23 करोड़ 51 लाख रुपये आवंटित किए हैं। इससे नगरीय निकायों में स्वच्छता कार्यों से जुड़ी दीदियों के मानदेय भुगतान में मदद मिलेगी।
चुंगी और मरम्मत-संधारण के लिए भी राशि जारी
विभाग ने निकायों की नियमित वित्तीय जरूरतों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए भी राशि उपलब्ध कराई है। नियमित मासिक चुंगी मद के तहत अक्टूबर 2026 के लिए 21 करोड़ 9 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
वहीं, नगरीय निकायों में जरूरी मरम्मत और संधारण कार्य जारी रखने के लिए अपार निधि मरम्मत-संधारण के द्वितीय त्रैमासिक मद में 22 करोड़ 60 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त बिलासपुर नगर निगम को नगरोत्थान योजना की दूसरी किस्त के रूप में 3 करोड़ 8 लाख रुपये दिए जा रहे हैं।
त्योहार से पहले निकायों को मिलेगी वित्तीय राहत
विभाग के अनुसार, इस राशि से नगरीय निकाय लंबित वेतन और पेंशन के साथ स्वच्छता दीदियों के मानदेय तथा अन्य नियमित वित्तीय दायित्वों का भुगतान कर सकेंगे। इसके अलावा मरम्मत-संधारण और विकास कार्यों को जारी रखने में भी मदद मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्देश दिए हैं कि निकाय इस राशि का उपयोग निर्धारित मदों में करते हुए भुगतान और जरूरी सेवाओं का संचालन समय पर सुनिश्चित करें। इससे दीपावली के दौरान स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने में सहायता मिलेगी।