November 25, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों के खिलाफ राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार 30 अक्टूबर को ब्यूरो की टीम ने शराब घोटाला, कोल लेवी घोटाला और मेडिकल घोटाले से जुड़े मामलों में प्रदेश के छह जिलों के 16 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।

इस कार्रवाई में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा और गरियाबंद जिले शामिल रहे। तलाशी के दौरान जांच टीम ने वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों की रजिस्ट्री, डिजिटल उपकरणों और अन्य आर्थिक गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज व साक्ष्य जुटाए हैं।

शराब घोटाले में रायपुर और राजनांदगांव के 6 ठिकानों पर तलाशी

शराब घोटाले से जुड़े अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत रायपुर और राजनांदगांव जिले के छह स्थानों पर तलाशी ली गई। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज है। जांच के दौरान वित्तीय अनियमितताओं और संबंधित लेन-देन से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए।

कोल लेवी घोटाले में चार जिलों में कार्रवाई

कोल लेवी घोटाले से संबंधित अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत EOW ने कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जिले के छह ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं के तहत जांच की जा रही है।

मेडिकल घोटाले में रायपुर और गरियाबंद के 4 ठिकानों पर छापे

मेडिकल घोटाले से जुड़े अपराध क्रमांक 05/2025 के तहत रायपुर और गरियाबंद जिले के चार स्थानों पर तलाशी की गई। इस मामले में भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है।

दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी

EOW के अनुसार, तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों, संपत्तियों की रजिस्ट्री और डिजिटल उपकरणों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। एजेंसी इन साक्ष्यों के आधार पर संबंधित मामलों में वित्तीय लेन-देन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

ब्यूरो ने बताया कि प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच एजेंसी दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *