रायपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ और लगातार बारिश से छत्तीसगढ़ में धान और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरों के बीच किसान संगठनों ने सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही और किसान नेता पारसनाथ साहू ने प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति, कर्जमाफी और विशेष राहत पैकेज देने की मांग उठाई है। उनका दावा है कि प्रदेश में 75 प्रतिशत से अधिक फसल रकबा प्रभावित हुआ है।

खेतों में गिरी फसल, पानी में डूबे धान के सड़ने का खतरा
किसान नेता पारसनाथ साहू ने कहा कि कई क्षेत्रों में कटाई के लिए तैयार धान और सब्जियों की फसलें बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में गिर गई हैं। कुछ जगह फसलें पानी में डूबी हुई हैं, जिससे उनके सड़ने का खतरा है।
उन्होंने कहा कि मौसम अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है और मौसम संबंधी अलर्ट जारी हैं। ऐसे में बची हुई फसलों को लेकर भी किसानों की चिंता बनी हुई है। साहू ने मांग की कि प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना सहित सभी पात्र योजनाओं का लाभ दिया जाए और केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज लेकर राज्य सरकार तत्काल सहायता उपलब्ध कराए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले आई बाढ़ के दौरान फसल नुकसान का सर्वे और क्षतिपूर्ति देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई प्रभावित किसानों को अब तक राहत नहीं मिली है।
किसानों के लिए जोखिम फंड बनाने की मांग
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही ने कहा कि संगठन लंबे समय से स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को सुरक्षा देने के लिए जोखिम फंड बनाने की मांग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कभी सूखा, कभी अल्प वर्षा, अतिवृष्टि और अब चक्रवात जैसी परिस्थितियां किसानों की आजीविका को प्रभावित कर रही हैं। खेती पर किसान परिवारों का भविष्य निर्भर करता है और इसका असर व्यापक अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है। ऐसे में आपदा के समय किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए स्थायी व्यवस्था जरूरी है।
राजस्व और कृषि विभाग की टीमों से जल्द सर्वे कराने की मांग
तेजराम विद्रोही ने मांग की कि राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों की संयुक्त टीमें जल्द खेतों में पहुंचकर फसल नुकसान का आकलन करें। उन्होंने प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत राशि देने के साथ सभी किसानों का कर्ज माफ करने की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में सरकार को त्वरित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने किसान परिवारों से भी एकजुट रहकर धैर्य के साथ इस संकट का सामना करने की अपील की।
किसान संगठनों ने सरकार से तत्काल सर्वे और मुआवजे के साथ विशेष राहत पैकेज, कर्जमाफी और दीर्घकालिक जोखिम फंड बनाने की मांग दोहराई है।