महासमुंद। खरीफ विपणन वर्ष 2026 के दौरान जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अवैध धान परिवहन पर निगरानी बढ़ा दी है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है।

सरायपाली के अनुविभागीय अधिकारी तेजपाल सिंह ध्रुव ने बताया कि अवैध धान परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए कुल 8 जांच चौकियां स्थापित की गई हैं। इन चौकियों के माध्यम से धान के अवैध परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
8 बिचौलियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अनुविभागीय दंडाधिकारी ध्रुव के अनुसार, शुक्रवार को अवैध रूप से धान का परिवहन करते पाए गए 8 बिचौलियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 126, 135 और 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता, अवैध परिवहन या बिचौलियों की संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
किसानों से नियमों के तहत धान बेचने की अपील
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही धान का विक्रय करें। धान के अवैध परिवहन, खरीदी-बिक्री या बिचौलियों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।