बलौदाबाजार। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार और आर्थिक राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री राहत योजना के क्रियान्वयन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से जिले में योजना के तहत प्राप्त मामलों का तेजी से सत्यापन और निराकरण किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन और सतत मॉनिटरिंग में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अस्पतालों से प्राप्त TMS रिक्वेस्ट पर संबंधित थानों के माध्यम से दुर्घटना की जानकारी का भौतिक और डिजिटल सत्यापन किया जा रहा है, ताकि पात्र घायलों को समय पर उपचार मिल सके।
270 मामलों की पोर्टल पर हुई प्रविष्टि
जिले में iRAD/e-DAR पोर्टल पर अब तक कुल 270 प्रकरणों की प्रविष्टि और सत्यापन किया गया है। इनमें से 219 मामलों में दुर्घटना की जानकारी सही पाए जाने पर अप्रूवल दिया गया, जबकि 25 प्रकरण नियमानुसार रिजेक्ट किए गए। वहीं, 26 मामलों को ‘Discharged from Scheme’ श्रेणी में दर्ज किया गया है।
पोर्टल पर समयबद्ध डेटा प्रविष्टि, त्वरित सत्यापन और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
प्रशिक्षण और समन्वय से बेहतर हुआ काम
इस उपलब्धि में जिला DRM मनोज मांडले की भी भूमिका बताई गई है। उनके नेतृत्व में थानों और अस्पतालों के कर्मचारियों के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इनमें पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने, प्रकरणों का सत्यापन करने और योजना की प्रक्रिया को समझने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
गोल्डन आवर में 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज
योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे यानी ‘गोल्डन आवर’ में घायल व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को सरकारी और निजी अस्पतालों में 1.50 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाती है।
इसका मकसद आर्थिक परेशानी के कारण इलाज में होने वाली देरी को रोकना और घायलों को समय पर चिकित्सा उपलब्ध कराना है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों की मदद के लिए आगे आएं। समय पर मिलने वाली सहायता किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।