बलौदाबाजार। शहर के रामसागर तालाब को भरने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा नगर पालिका की मांग पर नहर में पानी छोड़ा गया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नहर के जरिए घरों से निकलने वाला गंदा पानी भी तालाब तक पहुंच रहा है। इससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। वहीं, नहर में तेज बहाव के कारण गंदा पानी मोहल्ले की सड़कों और गलियों में फैल गया और कई घरों में घुस गया, जिससे रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नहर का पानी घरों में घुसने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय अचानक नहर का पानी तेज बहाव के साथ मोहल्ले में भर गया। गंदा पानी सड़कों और गलियों से होते हुए घरों के अंदर तक पहुंच गया। रहवासियों का कहना है कि शहर के कई घरों का गंदा पानी नहर में छोड़ा जा रहा है और यही पानी रामसागर तालाब में पहुंच रहा है।
लोगों ने आशंका जताई है कि इस पानी से तालाब दूषित हो सकता है और संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
नहर पर अवैध कब्जे का भी आरोप
रहवासियों ने नहर के ऊपर अतिक्रमण कर आलीशान मकान बनाए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस मामले की जानकारी होने के बावजूद संबंधित अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद और प्रशासन को कई बार शिकायत देने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हुआ।
जेसीबी लेकर पहुंचे पार्षद, स्थायी समाधान की मांग
मोहल्लेवासियों के अनुसार, रात में पानी घरों में घुसने के बाद उन्होंने पार्षद को इसकी सूचना दी। इसके बाद जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। हालांकि, लोगों का कहना है कि अस्थायी तौर पर नहर की सफाई या रास्ता खोलने से समस्या हल नहीं होगी।
रहवासियों ने मांग की है कि नहर में गंदे पानी की निकासी रोकी जाए, अतिक्रमण की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए और पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।