November 16, 2026

दुर्ग। शादी के सपने दिखाकर देशभर के लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो के संचालक को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर ‘कल्याण मैट्रिमोनी’, ‘एलिट मैच मैट्रिमोनी’ और ‘फ्यूचर पार्टनर’ के नाम से फर्जी प्रोफाइल चला रहा था। पुलिस के मुताबिक, एआई से तैयार काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें दिखाकर शादी के इच्छुक लोगों को जाल में फंसाया जाता था।

एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विवाह संबंधी विज्ञापन और प्रचार करता था। संपर्क करने वाले लोगों से उनका बायोडाटा और पसंद पूछी जाती थी। इसके बाद पसंद की युवती से शादी कराने का भरोसा देकर पहले 2,000 रुपये जमा कराए जाते थे। फिर अलग-अलग बहानों और नामों से क्यूआर कोड के जरिए अन्य रकम मंगाई जाती थी। पैसे मिलते ही पीड़ित का मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया जाता था और संपर्क बंद कर दिया जाता था।

नौकरी का झांसा देकर युवतियों को रखा था काम पर

सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस ने उत्तर गंगोत्री भवन स्थित परिसर में दबिश दी। मौके पर संचालक परमानंद यादव के साथ चार युवतियां मिलीं। पुलिस के अनुसार, युवतियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर वहां बुलाया गया था और 7 हजार रुपये मासिक वेतन देने का भरोसा दिलाया गया था।

तीन महीने से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर

पुलिस ने मौके से 22 कीपैड मोबाइल, चार एंड्रॉयड मोबाइल, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर, वाई-फाई उपकरण, बैंक पासबुक और चेकबुक, क्यूआर कोड सहित 1.64 लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने कुल जब्ती की कीमत 2.83 लाख रुपये बताई है।

पूछताछ में सामने आया कि कथित फर्जी कॉल सेंटर करीब तीन महीने से संचालित हो रहा था। यहां रोजाना 20 से 50 कॉल किए या रिसीव किए जाते थे। पुलिस ने संचालक परमानंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *