रायपुर। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को रायपुर में मिठाई दुकानों से लेकर ब्रेड फैक्ट्री तक निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिरगांव की एक मिठाई दुकान में मिठाई बनाने के लिए इस्तेमाल हो रहे दूध में कीड़े मिले, जबकि समता कॉलोनी की ब्रेड फैक्ट्री में चूहे घूमते दिखाई दिए। कई प्रतिष्ठानों में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार और स्टोर की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। विभाग ने बड़ी मात्रा में मिठाई और ब्रेड नष्ट कराई, जबकि कमल विहार के एक प्रतिष्ठान से 4,792 किलो पैक्ड मिठाई जब्त की गई।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल खुद टीम के साथ जांच अभियान में शामिल हुए। टीम ने बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास और कमल विहार स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यह अभियान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के निर्देश पर चलाया गया।
खत्री स्वीट्स में दूध में मिले कीड़े, सैंपल जांच के लिए भेजे
बिरगांव स्थित खत्री स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान मिठाई निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की गंभीर कमी मिली। जांच टीम को मिठाई बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे दूध में कीड़े तैरते मिले। इसके अलावा काजू और तैयार मिठाइयों की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया गया।
टीम ने मौके से काजू, बूंदी, शक्कर और मिल्क केक के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। वहीं, करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम सहित अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।
ब्रेड फैक्ट्री में चूहे मिले, 80 किलो ब्रेड नष्ट
समता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) में भी स्वच्छता व्यवस्था में गंभीर खामियां मिलीं। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में चूहे घूमते नजर आए। स्टोर रूम में भी गंदगी पाई गई। विभाग के मुताबिक, ऐसे माहौल में ब्रेड का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर टीम ने करीब 80 किलो अलग-अलग प्रकार की ब्रेड नष्ट कराई। इसके साथ ही फर्म का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
अग्रवाल मिठाई वाला में 165 किलो से अधिक मिठाई नष्ट
रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास स्थित अग्रवाल मिठाई वाला के निर्माण स्थल पर भी फर्श पर गंदगी मिली। टीम ने यहां से बेसन, लड्डू और घी के सैंपल जांच के लिए लिए।
निरीक्षण के दौरान 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 10 किलो काजू खोवा, 5 किलो दूध खोवा और 25 किलो खोवा-काजू मिक्स नष्ट कराया गया। इसके अलावा चाट मसाले के चार पैकेट भी नष्ट किए गए। इस प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
बिना लाइसेंस चल रहा था कृष्णा स्वीट्स, 4,792 किलो मिठाई जब्त
कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स में जांच के दौरान प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाया गया। यहां पैक्ड मिठाइयों की ट्रेडिंग की जा रही थी।
विभागीय टीम ने कुन्दा और मैसूर पाक के सैंपल लिए। साथ ही 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3,960 किलो कुन्दा जब्त किया। इस तरह कुल 4,792 किलो पैक्ड मिठाई जब्त की गई।
तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, लैब रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग ने खत्री स्वीट्स, लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) और अग्रवाल मिठाई वाला के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। विभाग के अनुसार, इन प्रतिष्ठानों को स्वच्छता से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करने के बाद ही दोबारा कारोबार शुरू करने की अनुमति मिलेगी।
नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।