November 17, 2026

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाथरूम में मिला छात्रा का शव

मृतका की पहचान अयोध्या पुरी बस्ती निवासी सानिया बानो के रूप में हुई है। वह कक्षा 9वीं की छात्रा थी। जानकारी के मुताबिक, उसका शव घर के बाथरूम में मिला। घटना की सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।

मोबाइल को लेकर भाई-बहन के बीच हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि घटना से पहले सानिया और उसके भाई के बीच मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसकी मां ने मोबाइल छिपा दिया था। शुरुआती जानकारी में इसी बात को लेकर छात्रा के नाराज होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम जारी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *