November 17, 2026

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। मामले के प्रमुख आरोपी और महादेव एप सिंडिकेट के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है। CBI की विशेष टीम उसे ओमान से भारत लेकर पहुंची। एजेंसी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर दो CBI मामलों में वांछित है, जिनमें आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज है।

रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान में हुई गिरफ्तारी

CBI की ओर से 1 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसी के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे ओमान में हिरासत में लिया।

इसके बाद CBI और ED ने मामले से जुड़े साक्ष्यों के साथ ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजा। भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियों, इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो और ओमान के अधिकारियों के बीच समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। अनुमति मिलने के बाद CBI की विशेष टीम मस्कट पहुंची और उसे भारत लेकर आई।

विदेश से संचालित हो रहा था सट्टेबाजी का नेटवर्क

CBI ने छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी। एजेंसी के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में शामिल था और इसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य आयोजनों पर कथित तौर पर अवैध सट्टेबाजी कराई जाती थी। इसके लिए देशभर में फ्रेंचाइजी आधारित पैनल और शाखाओं का नेटवर्क बनाया गया था, जिनके माध्यम से लोगों को जोड़कर सट्टे की रकम वसूली जाती थी।

हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी रकम

CBI की जांच के अनुसार, सट्टेबाजी से अर्जित रकम को बड़ी संख्या में म्यूल बैंक खातों के जरिए अलग-अलग लेनदेन में घुमाया जाता था। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से रकम विदेश भेजी जाती थी। एजेंसी का आरोप है कि सिंडिकेट को संरक्षण देने के लिए अवैध कमाई का एक हिस्सा सरकारी कर्मचारियों को भी दिया जाता था।

CBI ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988, भारतीय दंड संहिता की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत आरोपपत्र दाखिल किए हैं। सौरभ चंद्राकर को इन मामलों में प्रमुख आरोपियों में शामिल किया गया है। वहीं, ED ने भारत और विदेशों में उसकी कई संपत्तियां अटैच की हैं।

ट्रांजिट रिमांड के बाद रायपुर लाने की तैयारी

CBI के मुताबिक, भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर की मेडिकल जांच कराई जानी थी। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रायपुर लाने और 2 नवंबर को विशेष CBI अदालत में पेश करने की योजना थी।

CBI ने प्रत्यर्पण प्रक्रिया में सहयोग के लिए ओमान सरकार और रॉयल ओमान पुलिस का आभार जताया है। एजेंसी ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *