November 17, 2026

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती संख्या और उनकी गतिविधियों ने वन विभाग के साथ स्थानीय किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले हाथियों के इस दल में करीब 55 सदस्य होने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन ड्रोन कैमरे से की गई गिनती में कुल 62 हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।

दो-तीन दलों में बंटने से संख्या का आकलन था मुश्किल

जानकारी के मुताबिक, हाथियों का दल पहले दो-तीन छोटे समूहों में बंट जाता था। इस वजह से उनकी वास्तविक संख्या का पता लगाना मुश्किल हो रहा था। अनुमान के आधार पर दल में करीब 55 हाथी बताए जा रहे थे।

हाल ही में ड्रोन की मदद से एरियल सर्वे किया गया, जिसमें हाथियों की कुल संख्या 62 सामने आई। मरवाही वन मंडल के डीएफओ एवं आईएफएस अधिकारी कुमार निशांत ने भी ड्रोन से की गई गिनती में 62 हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि की है।

खेतों में फसलें खा रहे हाथी, किसानों की बढ़ी परेशानी

एक ही क्षेत्र में 62 हाथियों की मौजूदगी से आसपास के किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाथियों का दल खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है और उन्हें अपना आहार बना रहा है। इससे किसानों में चिंता और दहशत का माहौल है।

वन विभाग और हाथी मित्र दल अलर्ट

स्थिति को देखते हुए वन विभाग के मैदानी कर्मचारी और स्थानीय हाथी मित्र दल सतर्क हैं। टीम लगातार हाथियों की आवाजाही और गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि ग्रामीणों को समय रहते सूचना दी जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *