November 17, 2026

रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में कक्षा आठवीं की 13 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने बालिका को धमकाया, जिसके डर से उसने करीब एक महीने तक किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में तबीयत बिगड़ने पर उसने अपनी मां को आपबीती बताई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। दोनों को बाल न्यायालय में पेश करने के बाद बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।

सहेली से मिलने गई थी बालिका

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घटना 25 सितंबर की है। बालिका अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई थी। उस समय सहेली घर पर नहीं थी, लेकिन उसका भाई और एक अन्य नाबालिग वहां मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने बालिका को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

दोनों पक्षों के माता-पिता करते हैं मजदूरी

बताया गया है कि पीड़िता कक्षा आठवीं की छात्रा है। आरोपियों में से एक ने पढ़ाई छोड़ दी है, जबकि दूसरा कक्षा नौवीं में पढ़ता है। तीनों विधानसभा क्षेत्र की एक आवासीय कॉलोनी में रहते हैं। आरोपियों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। पीड़िता और आरोपियों के माता-पिता मजदूरी करते हैं और सुबह काम पर निकल जाते हैं।

तबीयत बिगड़ने पर सामने आई घटना

आरोप है कि धमकी के कारण बालिका ने घर लौटने के बाद किसी को कुछ नहीं बताया। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे। परिवार के पूछने पर उसने घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिजन विधानसभा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों की उम्र 14 और 16 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजने के आदेश दिए गए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *