गरियाबंद। जिले की ग्राम पंचायतों में लंबित भुगतान और आर्थिक संकट को लेकर जिला सरपंच संघ के नेतृत्व में सरपंचों, उपसरपंचों और पंचों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। जिलेभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने हाथों में कटोरे और मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर रैली निकाली। कटोरा लेकर प्रदर्शन के जरिए उन्होंने पंचायतों की आर्थिक बदहाली का मुद्दा उठाते हुए शासन-प्रशासन से लंबित राशि जारी करने की मांग की।

कलेक्ट्रेट से तिरंगा चौक तक निकाली रैली
प्रदर्शनकारियों की रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर सिविल लाइन और बस स्टैंड होते हुए तिरंगा चौक पहुंची। यहां जनप्रतिनिधियों ने जमकर नारेबाजी की और हाथों में कटोरा लेकर बैठ गए।
सरपंचों का कहना है कि पंचायतों में विकास कार्य कराने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने से जनप्रतिनिधियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। लंबित राशि के कारण पंचायतों का कामकाज और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
मनरेगा के करीब 30 करोड़ रुपये आठ महीने से लंबित
जिला सरपंच संघ की ओर से शासन-प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि जिले की ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत करीब 30 करोड़ रुपये के कार्य कराए जा चुके हैं, लेकिन मजदूरी और सामग्री का भुगतान लगभग आठ महीने से लंबित है।
संघ के मुताबिक, मूलभूत सुविधाओं और 16वें वित्त आयोग की राशि भी जारी नहीं हुई है। इसके अलावा मूल्यांकन और सत्यापन पूरा होने के बावजूद कई निर्माण कार्यों का भुगतान पांच से छह महीने से अटका हुआ है। उपसरपंचों और पंचों का मानदेय भी लंबित बताया गया है।
दीपावली से पहले भुगतान जारी करने की मांग
सरपंच संघ ने मनरेगा की लंबित मजदूरी और सामग्री की राशि तत्काल जारी करने, मूलभूत और 16वें वित्त आयोग की राशि उपलब्ध कराने तथा पंचायत कर्मचारियों का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
इसके साथ ही उपसरपंचों और पंचों का बकाया मानदेय जारी करने, मूल्यांकन और सत्यापन पूरा हो चुके निर्माण कार्यों का भुगतान करने और लंबित फाइलों का जल्द निराकरण करने की मांग भी रखी गई है। ज्ञापन में हाल की बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग भी शामिल है।
मांगें नहीं मानीं तो घेराव और चक्काजाम
जिला सरपंच संघ ने चेतावनी दी है कि दीपावली से पहले लंबित भुगतान और अन्य मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। संघ के मुताबिक, आगे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से घेराव और चक्काजाम जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।
इस संबंध में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री, कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया है।
जिलेभर के जनप्रतिनिधि हुए शामिल
प्रदर्शन में जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू, संरक्षक पन्ना लाल ध्रुव, कार्यकारी अध्यक्ष कोमल देव ध्रुव, कोषाध्यक्ष हलमन ध्रुवा और सचिव पवन सिंह यादव शामिल हुए।
इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष पद्मा मोती निषाद (फिंगेश्वर), घनश्याम मरकाम (मैनपुर), चम्पेश्वर ध्रुव (छुरा), नरेंद्र ध्रुव (गरियाबंद) और रोशनी प्रधान (देवभोग) सहित जिलेभर से आए सरपंच, उपसरपंच और पंच भी प्रदर्शन में मौजूद रहे।