November 19, 2026

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने अपने पद के साथ प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आज पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को अपना त्यागपत्र सौंपा।

निजी कारणों का दिया हवाला

अपने इस्तीफे में भगवानू नायक ने कहा है कि वे स्वेच्छा से मुख्य प्रवक्ता पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ रहे हैं। उन्होंने इसके पीछे निजी कारण बताते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी को अपेक्षित समय देना संभव नहीं है।

अजीत जोगी के साथ बिताए समय को बताया अहम

त्यागपत्र में नायक ने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री और जनता कांग्रेस के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ बिताए समय को अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि अजीत जोगी के सानिध्य में उन्हें राजनीति, जनसेवा और छत्तीसगढ़ के हितों के लिए आवाज उठाने की सीख मिली।

उन्होंने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी के प्रति भी आभार जताया। नायक के मुताबिक, अमित जोगी ने उन्हें छोटे भाई की तरह सम्मान, सहयोग और विश्वास दिया।

जोगी परिवार के प्रति सम्मान बरकरार

भगवानू नायक ने स्पष्ट किया कि पार्टी पद और सदस्यता छोड़ने के बावजूद जोगी परिवार के प्रति उनका सम्मान और व्यक्तिगत संबंध पहले की तरह बने रहेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, मीडिया जगत और छत्तीसगढ़ की जनता से मिले सहयोग एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

नायक ने अपने त्यागपत्र में कहा है कि उन्होंने बिना किसी कटुता, शिकायत या व्यक्तिगत मतभेद के यह निर्णय लिया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *